काठमांडू एयरपोर्ट पर रनवे की लाइट्स में तकनीकी खराबी, सभी उड़ानें रोक दी गईं
Delhi के बाद अब Nepal में भी एयर ट्रैफिक प्रभावित, तकनीकी टीमें मौके पर तैनात
नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Tribhuvan International Airport) पर शनिवार शाम तकनीकी खराबी के कारण सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। जानकारी के मुताबिक, रनवे की लाइट्स (Runway Lights) में अचानक आई समस्या की वजह से विमान संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
रनवे लाइटिंग सिस्टम फेल, सभी उड़ानें ग्राउंड
एयरपोर्ट प्रवक्ता रेनजी शेर्पा ने बताया कि एयरफील्ड लाइटिंग सिस्टम में दिक्कत आने के बाद एहतियात के तौर पर सभी आने-जाने वाली उड़ानें रोक दी गई हैं। उन्होंने बताया कि कम से कम पांच उड़ानें इस समय होल्ड पर हैं, जबकि बाकी उड़ानों को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है।
तकनीकी खराबी का पता शाम करीब 5:30 बजे (स्थानीय समय) चला।
घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर
त्रिभुवन एयरपोर्ट नेपाल का सबसे बड़ा और मुख्य अंतरराष्ट्रीय गेटवे है। रनवे लाइटिंग सिस्टम में आई दिक्कत के चलते देशभर की हवाई सेवाओं पर असर पड़ा है। अधिकारी लगातार कोशिश कर रहे हैं कि जल्द से जल्द उड़ान संचालन बहाल किया जा सके।
एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मौके पर मौजूद है और मरम्मत कार्य तेजी से जारी है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर भी आई थी तकनीकी खराबी
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब एक दिन पहले ही भारत के दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर भी एक बड़ी तकनीकी खराबी के कारण उड़ान संचालन प्रभावित हुआ था।
शुक्रवार को ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम (AMSS) फेल हो गया था, जो एयर ट्रैफिक कंट्रोल के फ्लाइट प्लानिंग प्रोसेस का अहम हिस्सा है। हालांकि, शनिवार को IGI एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें सामान्य रूप से बहाल कर दी गईं।
नेपाल का विमानन नेटवर्क ठप
त्रिभुवन एयरपोर्ट न केवल नेपाल की राजधानी बल्कि पूरे देश का प्रमुख विमानन केंद्र है। ऐसे में रनवे की लाइट्स में आई खराबी ने पूरे विमानन नेटवर्क को प्रभावित कर दिया है।
अधिकारियों ने कहा है कि समस्या दूर होते ही उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।
