फरीदाबाद में बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा में ग्रेट खली हुए शामिल, भजन पर झूमे विधायक धनेश अदलखा
फरीदाबाद में शनिवार को बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा ने माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। दिल्ली से शुरू हुई यह यात्रा शनिवार को अरावली के मांगर कट से हरियाणा के फरीदाबाद जिले में पहुंची, जहां लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
10 किलोमीटर चली यात्रा, दशहरा ग्राउंड में रात्रि विश्राम
यात्रा के पहले दिन करीब 10 किलोमीटर की दूरी तय की गई। फरीदाबाद के NIT क्षेत्र स्थित दशहरा ग्राउंड में रात्रि ठहराव किया गया, जहां धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में भजन गायक कन्हैया मित्तल ने अपने भजनों से भक्तिमय वातावरण बना दिया।
भजन पर झूमे भाजपा विधायक धनेश अदलखा
इस दौरान बड़खल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक धनेश अदलखा भी कार्यक्रम में पहुंचे। वे भजन “मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे” पर झूमते नजर आए, जिससे भक्तों में उत्साह दोगुना हो गया।
ग्रेट खली ने पकड़ा बागेश्वर बाबा का हाथ
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य तब देखने को मिला, जब WWE रेसलर दलीप राणा उर्फ ग्रेट खली भी पदयात्रा में शामिल हुए। धीरेंद्र शास्त्री उनके साथ कदम से कदम मिलाते हुए चले। बाबा ने कहा — “हम जातियों का अहंकार खत्म करना चाहते हैं और सभी को एक ही धागे में जोड़ना चाहते हैं।”
खट्टर ने किया स्वागत, वृंदावन में होगा समापन
इस यात्रा में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी भाग लिया और शास्त्री का स्वागत किया। पदयात्रा 13 नवंबर को पलवल से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी और वृंदावन में इसका भव्य समापन होगा।
