दिल्ली ब्लास्ट के बाद यूपी में ATS की बड़ी कार्रवाई: लखनऊ, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में छापेमारी, दो हिरासत में
दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट के बाद उत्तर प्रदेश सरकार भी अलर्ट मोड पर आ गई है। राज्य के सभी जिलों में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। इसी बीच यूपी एटीएस ने मंगलवार को लखनऊ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और हापुड़ में बड़ी कार्रवाई की है।
एटीएस की टीम ने लखनऊ में डॉ. परवेज अंसारी के घर छापेमारी की, जबकि सहारनपुर में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। दोनों को जम्मू-कश्मीर में पकड़े गए आतंकी आदिल अहमद का करीबी बताया जा रहा है।
लखनऊ में डॉक्टर परवेज अंसारी के घर छापा
लखनऊ के मड़ियांव इलाके में मंगलवार सुबह एटीएस और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने डॉक्टर परवेज अंसारी के घर छापा मारा।
जब टीम वहां पहुंची तो घर पर ताला लगा हुआ था। पुलिस ने ताला तोड़कर घर की तलाशी ली, जो करीब तीन घंटे तक चली।
इस दौरान पुलिस को कई अहम दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस, एक कार और बाइक मिलीं। इसके बाद टीम लालबाग स्थित दूसरे घर पर भी पहुंची, जहां तलाशी जारी है।
सहारनपुर में दो संदिग्ध हिरासत में
सहारनपुर में एटीएस ने सुबह छापा मारकर दो लोगों को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि दोनों आदिल अहमद के करीबी हैं।
आदिल को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 7 नवंबर को गिरफ्तार किया था। वह अनंतनाग (कश्मीर) का रहने वाला है।
दोनों संदिग्धों को गुप्त स्थान पर पूछताछ के लिए ले जाया गया है। स्थानीय पुलिस को इस ऑपरेशन की पूर्व जानकारी नहीं दी गई थी।
मुजफ्फरनगर के मदरसे में छापेमारी
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना इलाके में स्थित दाऊद अरबिया दारुल उलूम मदरसे में एटीएस टीम ने छापा मारा।
यहां संचालक से आतंकी सुलेमान और सोहेल के बारे में पूछताछ की गई।
दोनों आतंकियों को दो दिन पहले गुजरात एटीएस ने गिरफ्तार किया था।
टीम ने मदरसे के रिकॉर्ड भी खंगाले और कई लोगों से पूछताछ की।
हापुड़ में अब्दुल करीम टुंडा के घर छापा
एटीएस और स्थानीय पुलिस ने हापुड़ में आतंकी अब्दुल करीम टुंडा के घर पर भी छापेमारी की।
पुलिस ने परिवार और आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि टुंडा के इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी।
टुंडा 1993 मुंबई ब्लास्ट केस का आरोपी है और फिलहाल गाजियाबाद की डासना जेल में बंद है।
पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट
डीजीपी राजीव कृष्ण ने एटीएस चीफ अमिताभ यश और इंटेलिजेंस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की।
प्रदेश के सभी बड़े शहरों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
अयोध्या के राम मंदिर परिसर, आगरा के ताजमहल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट पर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते चेकिंग अभियान चला रहे हैं।
