दिल्ली ब्लास्ट का नया CCTV फुटेज आया सामने: लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास मची अफरातफरी, फोरेंसिक टीम ने जुटाए 42 सबूत

दिल्ली ब्लास्ट का नया CCTV फुटेज आया सामने: लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास मची अफरातफरी, फोरेंसिक टीम ने जुटाए 42 सबूत

दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में हुए भीषण धमाके का एक और CCTV फुटेज सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि जैसे ही ब्लास्ट हुआ, आसपास की मोबाइल दुकानों पर बैठे लोग डरकर दुकानों के अंदर भागने लगे। चांदनी चौक की तंग गलियों में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ पड़े।

यह धमाका सोमवार शाम 6:52 बजे हुआ था। अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से ज्यादा घायल अस्पतालों में भर्ती हैं। मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। अभी तक दो शवों की पहचान हो पाई है, जबकि बाकी की पहचान DNA टेस्ट के ज़रिए की जाएगी।


 ब्लास्ट के सबूत जुटाने में जुटी फोरेंसिक टीम

मंगलवार शाम तक फोरेंसिक टीम ने 42 सबूत इकट्ठा किए हैं। इनमें उस i20 कार के पार्ट्स, टायर, चेसिस, सीएनजी सिलेंडर, बोनट और अन्य धातु के हिस्से शामिल हैं। बुधवार से इन सबूतों की गहन जांच शुरू होगी ताकि धमाके की तकनीकी और रासायनिक प्रकृति का खुलासा हो सके।


 ब्लास्ट से पहले 3 घंटे पार्किंग में बैठा था आरोपी उमर नबी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरुआती जांच में दिल्ली पुलिस ने पाया है कि डॉ. मोहम्मद उमर नबी, जो पुलवामा का रहने वाला था, धमाके से 3 घंटे पहले से पार्किंग में बैठा हुआ था। पार्किंग के CCTV फुटेज में वह कार के अंदर मोबाइल पर व्यस्त नजर आ रहा है।

धमाके के बाद उमर का शरीर पूरी तरह जल गया। उसकी पहचान के लिए DNA टेस्ट किए जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पुलवामा में उमर के माता-पिता और दो भाइयों को हिरासत में लिया है।


 काला मास्क लगाए नजर आया था उमर

एक अन्य CCTV फुटेज में सफेद i20 कार में काला मास्क पहने एक व्यक्ति को देखा गया है, जो कार को पार्किंग से बाहर निकालने की कोशिश कर रहा था। पुलिस का कहना है कि वही व्यक्ति उमर नबी था, जिसने विस्फोटक सामग्री के साथ खुद को उड़ा लिया।


 जांच NIA को सौंपी गई

ब्लास्ट की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी गई है। एजेंसी धमाके में इस्तेमाल विस्फोटक, साजिश और संभावित आतंकी लिंक की जांच करेगी।

इस मामले में पुलवामा से उमर के दोस्त डॉ. सज्जाद को हिरासत में लिया गया है। वहीं, हरियाणा के फरीदाबाद से एक महिला डॉ. शाहीन शाहिद की गिरफ्तारी हुई है। शाहीन भारत में जैश-ए-मोहम्मद की महिला विंग “जमात-उल-मोमीनात” की हेड बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, इस संगठन की चीफ सादिया, आतंकी अजहर मसूद की बहन है।


 दिल्ली सरकार का राहत ऐलान

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है—

  • मृतकों के परिवारों को ₹10 लाख की आर्थिक सहायता

  • स्थायी दिव्यांग हुए लोगों को ₹5 लाख

  • गंभीर घायलों को ₹2 लाख

  • सभी घायलों के इलाज का खर्च दिल्ली सरकार वहन करेगी

Leave a Comment