यमुनानगर: रेलवे ट्रैक पर मिला अधेड़ व्यक्ति का शव, जीआरपी कर रही शिनाख्त की कोशिश

यमुनानगर: रेलवे ट्रैक पर मिला अधेड़ व्यक्ति का शव, जीआरपी कर रही शिनाख्त की कोशिश

यमुनानगर जिले में बीती रात रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्राथमिक जांच शुरू की। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है, क्योंकि उसके कपड़ों से कोई दस्तावेज या पहचान संबंधी जानकारी नहीं मिली।

जीआरपी ने शव को 72 घंटे के लिए मॉर्च्युरी में रखा

जांच अधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया है। इस दौरान पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है।

स्टेशन मास्टर ने दी थी सूचना

रात करीब 11 बजे जीआरपी को स्टेशन मास्टर की ओर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन से सहारनपुर की ओर जाने वाले ट्रैक पर ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति ट्रेन से टकरा गया है। सूचना के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची।

पहचान की कोशिश जारी

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। उसने नीले रंग की जींस और शर्ट पहनी हुई थी। शरीर पर ऐसा कोई निशान या टैटू नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान में सहायता मिल सके।

जांच अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में पूछताछ जारी है और उम्मीद है कि जल्द ही मृतक की पहचान हो पाएगी।

Leave a Comment