भिवानी जनस्वास्थ्य विभाग में सीएम फ्लाइंग का छापा, लाखों के बिल बकाए और एसटीपी प्रोजेक्ट अधूरा
हरियाणा के भिवानी में महम रोड स्थित जनस्वास्थ्य विभाग डिवीजन नंबर-1 कार्यालय पर सीएम फ्लाइंग टीम ने मंगलवार को अचानक छापा मारा। इस कार्रवाई से विभाग के कर्मचारी सकते में आ गए। टीम ने विभाग के रिकॉर्ड को बारीकी से जांचा, खासकर टेंडर से जुड़े दस्तावेजों का मिलान किया। जांच के दौरान कई लाखों रुपए के पेंडिंग बिल सामने आए, जिनकी अभी तक भुगतान नहीं किया गया है।
रेड के दौरान मिली लापरवाही
टीम ने पाया कि कार्यालय में मौजूद दो कर्मचारी गैरहाजिर थे, जिनका बायोमैट्रिक्स अटेंडेंस भी चेक किया गया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार ने बताया कि दोनों कर्मचारियों को फटकार लगाई गई और निर्देश दिए गए कि वे भविष्य में ऐसा न करें। हालांकि, ये कर्मचारी दो घंटे बाद ड्यूटी पर लौटे।
पानी निकासी के बकाए बिल और समस्याएं
बारिश के मौसम को देखते हुए विभाग ने पानी निकासी के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति की थी। हालांकि, लगभग 3 लाख 38 हजार रुपए की भुगतान अभी बाकी है। फैंसी चौक क्षेत्र में सीवरेज की व्यवस्था पूरी तरह से बंद पाई गई, जहां करीब 15 लाख रुपए के बिल बकाया थे। इस मामले में आगामी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, क्योंकि पेमेंट में देरी के पीछे संभावित गड़बड़ी की आशंका है।
एसटीपी प्रोजेक्ट का अधूरा काम
ढ़ाणा रोड स्थित एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का काम पिछले साढ़े तीन सालों से चल रहा है, जबकि इसे 18 महीने में पूरा किया जाना था। फिलहाल यह कार्य मात्र 95% पूरा हुआ है। विभाग ने जनवरी 2026 तक काम पूरा करने की समय सीमा निर्धारित की है। सीएम फ्लाइंग ने इस मामले की भी गहन जांच के आदेश दिए हैं और मुख्यालय को विस्तृत रिपोर्ट भेजी है।
