हरियाणा बॉर्डर पर हंगामा: यूपी किसानों की ट्रॉलियां फिर लौटीं, मंडियों में बढ़ा तनाव | Panipat Latest News

हरियाणा बॉर्डर पर हंगामा: यूपी किसानों की ट्रॉलियां फिर लौटीं, मंडियों में बढ़ा तनाव | Panipat Latest News

सनौली (पानीपत):
हरियाणा प्रशासन ने लगातार दूसरे दिन भी यूपी के किसानों को अपनी सीमा में प्रवेश करने से रोक दिया। सोमवार को सनौली बॉर्डर पर पुलिस ने धान से भरी कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को वापस भेज दिया। सीमा पर कड़ी नाकेबंदी की वजह से यूपी के किसानों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
रविवार को भी यही स्थिति देखने को मिली थी, जब बड़ी संख्या में यूपी से आ रही ट्रॉलियों को हरियाणा में प्रवेश नहीं दिया गया था। बताया जा रहा है कि हरियाणा की मंडियों में यूपी के धान की आवक बढ़ने से स्थानीय किसानों ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद प्रशासन ने यूपी से आने वाले धान पर पूरी तरह रोक लगा दी।
थाना सनौली प्रभारी वेदपाल सोमवार सुबह से ही बॉर्डर नाके पर मौजूद रहे और पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी ट्रॉली को सीमा पार न करने दिया जाए। कई किसानों ने इस फैसले का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें शांत कर वापस भेज दिया।

हाईवे पर लगा जाम, पुलिस ने संभाला हालात


किसानों की ट्रॉलियां लौटाए जाने के दौरान बॉर्डर पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने तुरंत एक लेन खोलकर वाहनों को रूट डायवर्ट किया और ट्रैफिक को धीरे-धीरे सामान्य किया।

स्थानीय किसानों की मांग बनी वजह


सूत्रों के अनुसार, हरियाणा के किसान लंबे समय से बाहरी राज्यों से आने वाले धान की बिक्री पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे। उनका कहना है कि इससे स्थानीय फसल के दामों पर असर पड़ रहा है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने यूपी से धान लाने पर रोक लगाई है।

Leave a Comment