हरियाणा: शादी समारोह में आग लगने से मचा हड़कंप, लोग सुरक्षित बाहर निकले
हरियाणा के पंचकूला बॉर्डर के पास जीरकपुर-शिमला रोड पर स्थित Aura Garden बैंक्वेट हॉल में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैल गई कि हॉल में मौजूद लोग खाना और डांस छोड़कर भागने को मजबूर हो गए।
सूचना के अनुसार, हॉल के अंदर शादी का कार्यक्रम चल रहा था, तभी आग भड़क उठी। धुआँ फैलते ही मेहमानों में अफरातफरी मच गई। लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, और इस दौरान किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
आग इतनी भीषण थी कि पास ही स्थित Shekho Banquet Hall तक उसकी लपटें पहुँच गईं। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गईं।
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चला है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान शॉर्ट सर्किट की ओर इशारा कर रहा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुँच गई। भीड़ नियंत्रण और राहत कार्य के प्रयास जारी हैं। फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है।
