बिहार चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज: मुंगेर में जनसुराज प्रत्याशी BJP में शामिल, पटना एयरपोर्ट पर तेजप्रताप-तेजस्वी आमने-सामने
मुंगेर में जनसुराज को बड़ा झटका – प्रत्याशी संजय सिंह BJP में शामिल
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग से ठीक एक दिन पहले जनसुराज पार्टी को बड़ा झटका लगा है।
मुंगेर सीट से जनसुराज के उम्मीदवार संजय सिंह ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया।
उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कुमार प्रणय की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली।
संजय सिंह के शामिल होने से भाजपा को स्थानीय स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
भाजपा उम्मीदवार कुमार प्रणय अपनी 177 करोड़ रुपए की संपत्ति को लेकर चर्चा में हैं।
वे इस बार के बिहार चुनाव के सबसे अमीर उम्मीदवारों में से एक हैं।
पटना एयरपोर्ट पर तेजप्रताप-तेजस्वी आमने-सामने, लेकिन बातचीत नहीं
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटे तेजप्रताप यादव और तेजस्वी यादव बुधवार को पटना एयरपोर्ट पर आमने-सामने आ गए।
हालांकि, दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई।
वीडियो में दिखा कि तेजप्रताप एक यूट्यूबर के साथ शॉपिंग कर रहे थे, तभी किसी ने बताया कि तेजस्वी भी वहीं मौजूद हैं।
तेजस्वी ने यूट्यूबर से मजाक में कहा – “भैया शॉपिंग करवा रहे हैं क्या?”
लेकिन तेजप्रताप ने भाई की ओर देखा और फिर मुंह फेर लिया, बातचीत से बचते हुए शॉपिंग जारी रखी।
यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और RJD समर्थकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रियंका गांधी आज करेंगी दो रैलियां – बेतिया और बगहा में जनसभा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को पश्चिम चंपारण जिले में दो बड़ी चुनावी सभाएं करेंगी।
पहली सभा: बेतिया के चनपटिया FCI खेल मैदान में
दूसरी सभा: बगहा के हरनाटांड़ मैदान में
प्रियंका गांधी यहां महागठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशियों अभिषेक रंजन (चनपटिया) और बगहा प्रत्याशी के समर्थन में वोट की अपील करेंगी।
सभा स्थल पर 20,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
JDU नेता के परिवार में दर्दनाक हादसा: तीन की मौत
जेडीयू नेता निरंजन कुशवाहा के बड़े भाई नवीन कुशवाहा के परिवार में दर्दनाक हादसा हुआ।
उनकी भतीजी तनु प्रिया, जो MBBS की फोर्थ सेमेस्टर की छात्रा थीं, को एंग्जाइटी की समस्या थी।
मंगलवार को सीढ़ियों से उतरते वक्त वह फिसल गईं, उन्हें बचाने के प्रयास में उनके पिता भी गिर पड़े।
यह दृश्य देखकर मां को हार्ट अटैक आ गया।
तीनों की मौके पर मौत हो गई।
पहले चरण का प्रचार थमा, तेजस्वी ने की सबसे ज्यादा सभाएं
पहले फेज की वोटिंग से पहले मंगलवार शाम प्रचार अभियान खत्म हो गया।
इस चरण में नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी –
-
तेजस्वी यादव: 83 सभाएं (सबसे ज्यादा)
-
नीतीश कुमार: 60 सभाएं
-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी: 15 सभाएं और 1 रोड शो
-
प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे: कुल 15 सभाएं
नित्यानंद राय का हमला – ‘तेजस्वी हार रहे हैं, सीएम नहीं बन सकते’
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने दावा किया कि तेजस्वी यादव राघोपुर सीट से हार रहे हैं।
उन्होंने कहा –
“तेजस्वी बिहार के नायक नहीं, खलनायक हैं। उनका जनाधार खत्म हो चुका है।”
राय ने कांग्रेस पर भी हमला बोला, कहा –
“कांग्रेस जहां भी सत्ता में रही है, वहां तुष्टिकरण की राजनीति हावी रही।
बिहार में NDA की सरकार बनेगी और महागठबंधन का सफाया तय है।”
तेजस्वी की आज दो सभाएं – नरकटियागंज और योगापट्टी में रैली
राजद नेता तेजस्वी यादव बुधवार को
-
नरकटियागंज के चिनिमिल हजारी मैदान
-
योगापट्टी के बलुआ स्टेडियम
में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
