हिसार के सीआर लॉ कॉलेज में छात्र के साथ मारपीट, क्लासरूम विवाद बना हमला – पुलिस जांच में जुटी
हिसार के राजगढ़ रोड स्थित सीआर लॉ कॉलेज में शुक्रवार को मारपीट की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कॉलेज के थर्ड ईयर के छात्र तनिश महता के साथ उसी कॉलेज के दूसरे छात्र विक्रम वर्मा और उसके साथियों ने कथित रूप से हमला किया। यह पूरी वारदात कॉलेज कैंपस के अंदर हुई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
जानकारी के अनुसार तनिश अपनी क्लास में टेस्ट दे रहा था, तभी पीछे बैठे छात्र विक्रम वर्मा की आवाज पर क्लास में मौजूद टीचर ने उसे आगे बैठने के लिए कहा। यह बात विक्रम को नागवार गुजरी और उसने तनिश पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। तनिश के अनुसार, विक्रम ने क्लास छोड़ने से पहले धमकी दी और कुछ समय बाद अपने दोस्तों को बुलाकर तनिश पर हमला कर दिया।
जैसे ही तनिश क्लास से बाहर निकला, आरोप है कि विक्रम और उसके साथी पहले से वहां घात लगाए खड़े थे। उन्होंने तनिश को घेरकर लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की। इस दौरान एक क्लास टीचर ने मौके पर पहुंचकर तनिश को किसी तरह बचाया।
तनिश ने तुरंत आजाद नगर थाना में जाकर शिकायत दी। पुलिस के अनुसार, शिकायत दर्ज करते समय एक नया मोड़ तब आया जब तनिश के मोबाइल पर स्वयं विक्रम वर्मा का फोन आया। बातचीत के दौरान विक्रम ने उसे धमकाया और पूछा—“कितनी देर में आ रहा है? वहीं खड़े हैं जहां तेरे को मारा था।” जब पुलिसकर्मी ने फोन संभाला तो विक्रम ने उन्हें भी अभद्र भाषा में गालियां दीं, जिसके बाद कॉल काट दी गई।
थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत मिल चुकी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्डिंग जब्त कर ली है, जिनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कॉलेज में इस घटना को लेकर छात्रों में रोष है। कई छात्रों ने प्रशासन से मांग की है कि कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता किया जाए ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
