Kerala के त्रिशूर में मिला नवजात का सड़ा हुआ शव, मां गिरफ्तार ,भूखे पत्थरों के बीच मिली मासूम की लाश
समाचार
केरल के त्रिशूर ज़िले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक नवजात शिशु का सड़ा हुआ शव एक खदान में बैग के अंदर मिला। पुलिस ने मामले में बच्चे की मां स्वप्ना को हिरासत में लिया है, जिस पर जन्म के बाद बच्चे को छोड़ देने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब त्रिशूर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दी। महिला करीब दो हफ्ते बाद इलाज कराने अस्पताल पहुंची थी। जांच में पता चला कि उसने अपनी गर्भावस्था परिवार से छिपाई थी और आठवें महीने में गर्भपात की गोलियां लेने की कोशिश की थी।
पुलिस का कहना है कि स्वप्ना ने घर के बाथरूम में ही बच्चे को जन्म दिया और फिर उसे एक बैग में डालकर पास की खदान में छोड़ दिया। बाद में शव सड़ने लगा और बदबू आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
फोरेंसिक टीम ने महिला के घर और आसपास के इलाके की जांच की है। वर्तमान में स्वप्ना त्रिशूर मेडिकल कॉलेज में इलाजरत है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 88 और 94 के तहत मामला दर्ज किया है।