भिवानी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ की बड़ी कार्रवाई, बोलेरो से बरामद हुई भारी मात्रा में देशी शराब

भिवानी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ की बड़ी कार्रवाई, बोलेरो से बरामद हुई भारी मात्रा में देशी शराब

भिवानी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए सिवानी थाना क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। पुलिस ने एक बोलेरो कैंपर वाहन से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद कर ड्राइवर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक उप-निरीक्षक रमेश कुमार के नेतृत्व में सिवानी पुलिस टीम बस अड्डा और गांव बड़वा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि एक बोलेरो कैंपर में अवैध शराब लेकर बड़वा से सिवानी की ओर आ रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव बड़वा में नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान 15 पेटी अवैध देशी शराब बरामद हुई, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

इस कार्रवाई में वाहन के ड्राइवर संजय उर्फ कोबरा निवासी गांव बड़वा को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ सिवानी थाना में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

भिवानी पुलिस ने इस मामले को लेकर साफ किया है कि जिले में अवैध शराब, नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस प्रकार की सूचना पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Comment