दिल्ली ब्लास्ट केस: हरियाणा नंबर की कार की नई CCTV फुटेज से खुलासा, 29 अक्टूबर से शुरू हुई साजिश की कड़ी
बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली तक कार की आखिरी यात्रा
दिल्ली के लाल किले के पास हुए भीषण ब्लास्ट में इस्तेमाल हुई हरियाणा नंबर (HR 26-CE 7674) की कार को लेकर नए खुलासे सामने आए हैं।
पुलिस जांच में पता चला है कि 10 नवंबर की सुबह 8:03 बजे यह i20 कार फरीदाबाद से बदरपुर बॉर्डर पार कर दिल्ली की ओर जाती हुई सीसीटीवी में कैद हुई थी।
इसी दिन शाम 6:52 बजे इसी कार में धमाका हुआ, जिसमें संदिग्ध आतंकी उमर ने खुद को विस्फोटकों के साथ उड़ा लिया।
दो अहम वीडियो सामने आए
29 अक्टूबर का वीडियो:
तीन युवक फरीदाबाद के दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे की सर्विस लाइन पर बने पेट्रोल पंप पर कार का पॉल्यूशन सर्टिफिकेट बनवाने पहुंचे थे।
इनमें से एक लंबी दाढ़ी वाला शख्स तारिक बताया जा रहा है, जिसके नाम पर उमर ने यह कार खरीदी थी।
10 नवंबर का वीडियो:
ब्लास्ट वाले दिन सुबह कार दिल्ली में प्रवेश करती दिखाई दी। शाम को यह कार लाल किले के पास धमाके में तबाह हो गई।
गुरुग्राम से जुड़ा कनेक्शन: सलमान के नाम पर रजिस्टर्ड थी कार
यह कार गुरुग्राम आरटीओ में मोहम्मद सलमान, निवासी शांति नगर के नाम पर रजिस्टर्ड है।
सलमान फिलहाल ग्लोबल हाइट्स सोसाइटी में अपनी पत्नी और तीन बेटियों के साथ रहता है।
उसने पूछताछ में बताया —
“मैंने यह कार डेढ़ साल पहले सिंफनी कंपनी को एक्सचेंज में बेच दी थी। उसके बाद यह किसे गई, मुझे नहीं पता।”
सलमान ने खरीद-फरोख्त के सभी दस्तावेज पुलिस को दिखाए हैं।
सलमान के पुराने पते पर पुलिस छापा
गुरुग्राम पुलिस की टीम ने सलमान के पुराने पते शांति नगर हाउस नंबर 631/12 पर सोमवार रात रेड मारी।
मकान मालिक दिनेश ने बताया —
“सलमान 2016 से 2021 तक हमारे यहां किराए पर रहा। कोरोना के बाद वह सोहना के पास शिफ्ट हो गया।”
दिनेश की मां वीरमती ने कहा —
“वह किराएदार था, चला गया। हमें नहीं पता कि वह क्या करता था। पुलिस रात में आई, पर हमें कुछ नहीं बताया।”
पूछताछ का दायरा बढ़ा
पुलिस ने अब तक सलमान, उसके भाई जावेद, मकान मालिक दिनेश और कई अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
जावेद के फ्लैट (शांति कॉलोनी 386/20) पर ताला लगा हुआ मिला। पड़ोसियों के अनुसार, वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ कई सालों से वहीं रह रहा था।
कार की खरीद-फरोख्त की चेन
पुलिस सूत्रों के मुताबिक —
-
सलमान ने कार नदीम से खरीदी थी।
-
फिर इसे ओखला निवासी देवेंद्र को बेच दिया गया।
-
देवेंद्र ने कार अंबाला के एक गैराज को बेच दी।
अब यह जांच हो रही है कि वहां से कार किसने खरीदी और यह उमर तक कैसे पहुंची।
सलमान की पृष्ठभूमि
-
पेशा: ग्लास कंपनी में कर्मचारी
-
परिवार: पत्नी और 3 बेटियां
-
वर्तमान पता: ग्लोबल हाइट्स सोसाइटी, सोहना रोड, गुरुग्राम
पुलिस ने सलमान को हिरासत में रखा है और उसकी कॉल डिटेल्स, बैंक लेनदेन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच जारी है।
जांच के केंद्र में “तारिक” और “उमर”
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ब्लास्ट में खुद को उड़ाने वाला उमर इस पूरी साजिश का मुख्य आरोपी था।
वहीं, तारिक नामक शख्स के नाम पर कार खरीदी गई थी। दोनों के बीच पिछले कुछ महीनों से संपर्क था।
