आदमपुर तहसील परिसर में किसानों का धरना जारी, 16 दिसंबर की महापंचायत के लिए जनसंपर्क अभियान तेज

आदमपुर तहसील परिसर में किसानों का धरना जारी, 16 दिसंबर की महापंचायत के लिए जनसंपर्क अभियान तेज

हिसार के आदमपुर तहसील परिसर में किसानों का चल रहा धरना लगातार तेज हो रहा है। आगामी 16 दिसंबर को प्रस्तावित किसान महापंचायत को सफल बनाने के लिए अखिल भारतीय किसान सभा तहसील कमेटी ने गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है।

गांवों में महापंचायत के लिए निमंत्रण

तहसील सचिव सतबीर सिंह धायल ने बताया कि कोहली, खैरमपुर और सारंगपुर गांवों में किसानों से मुलाकात कर महापंचायत में बड़ी संख्या में पहुंचने का आग्रह किया गया।
इन गांवों के किसानों ने बीमा और मुआवजे का भुगतान न होने पर सरकार के प्रति नाराजगी जताई और आंदोलन को मजबूती देने का आश्वासन दिया।


सरकार घोटालेबाजों को दे रही संरक्षण — सतबीर सिंह

किसान नेता सतबीर सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को मुआवजे से वंचित रखने के लिए घोटालेबाजों की मदद कर रही है।
उनका दावा है कि बिहार और उत्तर प्रदेश से सस्ता धान खरीदकर हरियाणा मंडियों में किसानों के नाम पर बेचा जा रहा है, जिससे स्थानीय किसानों को भारी नुकसान हो रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई करने की बजाय सिर्फ छोटे कर्मचारियों को निलंबित कर “घोटाले की लीपापोती” कर रही है।


बीज विधेयक 2025 पर किसानों का विरोध

किसान नेताओं ने बताया कि सरकार किसानों को खराब फसल की तस्वीरें और वीडियो पोर्टल पर अपलोड करने को मजबूर कर रही है, जबकि खेतों में रबी की बुवाई शुरू हो चुकी है।
इसके साथ ही, पटवारियों पर फसल नुकसान की रिपोर्ट कम दिखाने का दबाव डाले जाने का भी आरोप सामने आया है।

किसानों ने बीज विधेयक 2025 को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि यह विधेयक किसानों के अधिकारों और स्वायत्तता के खिलाफ है।


8 दिसंबर को बीज विधेयक की प्रतियां जलाने की घोषणा

किसान नेताओं ने घोषणा की है कि 8 दिसंबर को तहसील से जिला स्तर तक बीज विधेयक 2025 की प्रतियां जलाई जाएंगी
इसके साथ ही, इस विधेयक और अन्य किसानों से जुड़े मुद्दों के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।

Leave a Comment