हरिद्वार में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर फिरौती मांगने वाला गिरफ्तार — विदेश में बैठे साथी के साथ रची थी साजिश
हरिद्वार पुलिस ने किया खुलासा, मुख्य साजिशकर्ता को किया गिरफ्तार — अजय हुड्डा अभी फरार
हरिद्वार पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर एक बिजनेसमैन से 30 लाख रुपए की फिरौती मांगने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने अपने विदेश में रह रहे साथी के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को रचा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने आर्मेनिया में बैठे दोस्त से फोन करवाकर धमकी दिलवाई, जिससे कारोबारी डर जाए और रकम दे दे।
30 अक्टूबर को आई थी धमकी भरी कॉल
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार, 30 अक्तूबर को धनौरी निवासी व्यापारी रवि कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
रवि कुमार का बैटरी रिक्शा और स्कूटी का शोरूम है। उन्होंने बताया कि आर्मेनिया के नंबर से कॉल आई और कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए 30 लाख रुपए की फिरौती मांगी।
रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
कॉल डिटेल से खुला राज
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की।
पिरान कलियर पुलिस और CIU टीम ने कॉल डिटेल निकाली तो पता चला कि धमकी देने वाला नंबर हरियाणा के रोहतक जिले के किलोई गांव से जुड़ा हुआ है।
कॉल रिकॉर्ड से यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपी अपने परिवार से लगातार संपर्क में था।
मुख्य साजिशकर्ता हरिद्वार से गिरफ्तार
एसएसपी ने बताया कि हरियाणा के रोहतक निवासी अजय हुड्डा वर्तमान में आर्मेनिया में नौकरी करता है। उसने ही वहां से कॉल की थी।
कॉल करने के लिए आशीष सैनी (36), निवासी मूलदासपुर माजरा, थाना बहादराबाद, हरिद्वार ने पीड़ित का नंबर उपलब्ध कराया था।
मोटी कमाई के लालच में दोनों ने मिलकर यह पूरी योजना बनाई।
पुलिस ने मुख्य आरोपी आशीष सैनी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अजय हुड्डा अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
पुलिस टीम को मिला नकद इनाम
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने इस पूरे ऑपरेशन में शामिल पुलिस अधिकारियों और जवानों की सराहना की।
उन्होंने थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, एसएसआई बबलू चौहान, एसआई पुष्कर सिंह चौहान, सिपाही सोनू कुमार, और सीआईयू टीम के सदस्य — प्रदीप बिष्ट, चमन सिंह, मनमोहन भंडारी, महिपाल सिंह, और राहुल नेगी — को ₹2500 नकद इनाम देने की घोषणा की।
एसएसपी बोले — “हर कॉल को गंभीरता से ले रही है पुलिस”
एसएसपी डोबाल ने कहा —
“गैंगस्टर के नाम पर फिरौती मांगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हर कॉल और संदेश की जांच की जा रही है ताकि कोई निर्दोष व्यक्ति ठगी या धमकी का शिकार न बने।”
