कैथल में सुरजेवाला का हरियाणा सरकार पर किसानों के साथ धोखा और घपलेबाजी का आरोप

कैथल में सुरजेवाला का हरियाणा सरकार पर किसानों के साथ धोखा और घपलेबाजी का आरोप

कैथल में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा सरकार पर किसानों के साथ धोखा करने और घपलेबाजी का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बाढ़ और जलभराव के कारण खरीफ फसलें बर्बाद हो गईं, जबकि रबी की फसल की बुआई भी प्रभावित हुई, बावजूद इसके किसानों को उचित मुआवजा नहीं दिया गया।

फसल नुकसान के दावों में बड़ा फर्जीवाड़ा

सुरजेवाला ने हिसार जिले के 276 गांवों के 78,614 किसानों के दावों का हवाला देते हुए कहा कि “मेरी फसल मेरा ब्यौरा” पोर्टल पर 4.71 लाख एकड़ फसल नुकसान के दावे दर्ज किए गए थे, लेकिन सरकारी रिपोर्ट में केवल 2.61 लाख एकड़ फसल नुकसान दिखाया गया। यानि लगभग 2.10 लाख एकड़ और 35 हजार से ज्यादा किसानों के दावे अचानक गायब कर दिए गए।

किसानों को नहीं मिला कोई मुआवजा

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को न तो मुआवजा मिला और न ही बीमा कंपनियों से क्लेम मिला। उन्होंने कहा कि पहले धान, कपास और बाजरे पर किसानों को ठगने का काम भाजपा सरकार ने किया, अब आलू उत्पादक किसानों की बारी है।

आलू किसानों की बदहाल स्थिति

सुरजेवाला ने बताया कि आलू की फसल पर प्रति एकड़ लागत लगभग 60 हजार रुपए थी, लेकिन मजबूरी में किसानों को इसे मात्र 42 हजार रुपए प्रति एकड़ बेचना पड़ा। इस कारण किसानों को प्रति एकड़ 18 हजार रुपए का भारी घाटा हुआ। वहीं, प्राइवेट कंपनियां और प्रोसेसिंग यूनिटें आलू को औने-पौने दामों में खरीद रही हैं, और भाजपा सरकार तमाशा देखती रही।

भाजपा की नई गारंटी: किसान को धोखा देना

रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब भाजपा की गारंटी यह हो गई है कि किसानों को मुसीबत में धकेलो, झूठे वादे करो, फसल की सही कीमत देने से मना करो और मुआवजे के नाम पर घपला करके फरार हो जाओ।

कैथल, करनाल, जींद, फतेहाबाद जैसे जिलों में हजारों किसान सड़कों पर उतर चुके हैं। वे न तो गिरदावरी की सही प्रक्रिया देख पा रहे हैं, न मुआवजा मिल रहा है, और न ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर उनकी फसल की खरीद का कोई इंतजाम हो पा रहा है।

Leave a Comment