जींद में आईटीआई टीचर की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, जमीनी रंजिश बनी वजह
हरियाणा के जींद जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां गांव खरकभूरा के रहने वाले आईटीआई टीचर ओमप्रकाश की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। टीचर के सिर, नाक, आंख और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने मौके से टूटा हुआ हेलमेट और बाइक बरामद की है।
सूचना मिलते ही उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने ओमप्रकाश को मृत घोषित कर दिया।
दो दिन पहले छुट्टी पर गांव आए थे ओमप्रकाश
मृतक की पहचान ओमप्रकाश पुत्र रामफल निवासी गांव खरकभूरा के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के शामली स्थित आईटीआई में टीचर थे। बेटे अभिषेक के अनुसार, ओमप्रकाश दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर गांव आए थे।
गुरुवार शाम को वह अपनी बाइक पर तरखा रोड स्थित खेतों की तरफ गए थे। देर रात परिवार को सूचना मिली कि उनका शव सड़क किनारे रेस्टोरेंट के पास पड़ा है।
सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें
परिवार मौके पर पहुंचा तो ओमप्रकाश लहूलुहान हालत में पड़े थे। उनके सिर, आंख, नाक और चेहरे पर गहरी चोटें थीं। पास में बाइक और टूटा हेलमेट पड़ा मिला।
आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि गांव खरकभूरा के अजय, वजीर और तीन-चार अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से पीटकर हत्या की।
जमीनी विवाद से जुड़ा मामला
परिवार का कहना है कि आरोपियों के साथ कई साल से जमीनी विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजना बनाकर ओमप्रकाश की हत्या कर दी। परिवार ने बताया कि आरोपियों ने पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का केस
पुलिस ने मृतक के बेटे अभिषेक की शिकायत पर अजय, वजीर, सुनील और 3-4 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
थाना उचाना पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ होगी हत्या की सच्चाई
शव को सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद हमले की प्रकृति और हथियारों के बारे में विस्तार से जानकारी मिलेगी।
