हिसार के मिल गेट एरिया में टूटी सड़क से लोग परेशान, आठ महीने से नहीं हुई मरम्मत

हिसार के मिल गेट एरिया में टूटी सड़क से लोग परेशान, आठ महीने से नहीं हुई मरम्मत

हिसार शहर के मिल गेट एरिया में स्थित 12 क्वार्टर रोड की मेन गली पिछले 8 महीनों से टूटी पड़ी है। नगर निगम द्वारा सड़क को उखाड़ने के बाद आज तक उसकी मरम्मत नहीं की गई, जिससे स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
गुरुवार को स्थानीय निवासियों ने शराब ठेके के पास टूटी सड़क को लेकर प्रदर्शन किया और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


आठ महीने से टूटी सड़क, लोग हुए परेशान

प्रदर्शन कर रहे ललित कुमार, ललित भाटिया और राजेंद्र यादव ने बताया कि इस सड़क को नगर निगम ने खुद उखाड़ा था, लेकिन अब तक उसे ठीक नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिससे रोजाना छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं।
लोगों ने कहा कि निगम के पास यदि फंड की कमी थी, तो सड़क उखाड़नी ही नहीं चाहिए थी। अब पूरे इलाके में धूल, गंदगी और जलभराव की समस्या बनी हुई है।


पानी की लाइन लीक और निकासी की समस्या

स्थानीय लोगों ने बताया कि गली में पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट की पानी की लाइन लीक है और निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है।
जिससे गंदा पानी सड़क पर भर जाता है, और आने-जाने वालों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।


जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप

लोगों का कहना है कि इस इलाके से तीन निगम पार्षद गुजरते हैं, लेकिन किसी ने भी समस्या पर ध्यान नहीं दिया।
हिसार की विधायक सावित्री जिंदल अब तक यहां नहीं आईं, और मेयर गौतम पोपली ने भी कभी सड़क की दुर्दशा पर गौर नहीं किया।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर अगले बुधवार तक सड़क ठीक नहीं की गई, तो वे नगर निगम में ढोल बजाकर अधिकारियों को जगाने का काम करेंगे।


हादसा हुआ तो जिम्मेदार होगा निगम

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को आगाह किया कि अगर टूटी सड़क की वजह से कोई हादसा होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम की होगी
उन्होंने कहा कि इस रोड के आसपास करीब 30 हजार परिवार रहते हैं, और रोजाना दुकानदारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

Leave a Comment