रोहतक पुलिस ने दिल्ली नंबर टैक्सी से बरामद किए एक करोड़ रुपए नकद, 4 युवक हिरासत में
हरियाणा के रोहतक जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दिल्ली नंबर की टैक्सी से एक करोड़ रुपए कैश बरामद किया है। गाड़ी में चार युवक सवार थे, जो झज्जर की तरफ से रोहतक की ओर आ रहे थे। जब पुलिस ने नकदी के बारे में पूछताछ की, तो कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
दिल्ली ब्लास्ट के बाद सख्त जांच अभियान
10 नवंबर को दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद पूरे हरियाणा में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। इसी के तहत रोहतक पुलिस ने जगह-जगह नाकाबंदी और वाहनों की जांच शुरू की हुई थी। जांच के दौरान ही यह मामला सामने आया।
शक के आधार पर रोकी गई कार
रोहतक के शिवाजी कॉलोनी थाना SHO राकेश सैनी ने बताया कि पुलिस टीम जलेबी चौक पुल के नीचे वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान झज्जर की ओर से एक स्विफ्ट कार आई। पुलिस को देखकर कार सवारों ने जल्दीबाजी दिखाई, जिससे शक गहराया और गाड़ी को रुकवाया गया।
बैग से मिली 500 के नोटों की गड्डियां
गाड़ी की तलाशी के दौरान शुरुआत में कुछ नहीं मिला, लेकिन जब पुलिस ने पीछे बैठे दो युवकों के बैग खोले, तो उनमें से 500-500 के नोटों की कई गड्डियां मिलीं। कुछ बंडल 100 और 200 के नोटों के भी थे। जब गिनती की गई तो रकम एक करोड़ रुपए निकली।
इनकम टैक्स विभाग को सौंपी गई जांच
SHO राकेश सैनी ने बताया कि बरामद नकदी को ट्रेजरी में जमा करवा दिया गया है, और चारों युवकों को इनकम टैक्स विभाग के हवाले कर दिया गया है। अब टैक्स विभाग यह जांच करेगा कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और किस उद्देश्य से लाई जा रही थी।
हिरासत में लिए गए युवक
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए चार युवकों में तीन दिल्ली निवासी हैं और एक रोहतक का रहने वाला है। सभी से पूछताछ जारी है। पुलिस दिल्ली ब्लास्ट के बाद इस रकम के संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
दिल्ली धमाके के बाद हरियाणा में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। रोहतक में पकड़ी गई इस बड़ी नकदी के बाद सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांचेंगी कि कहीं इस पैसे का कोई लिंक संदिग्ध गतिविधियों या फंडिंग से तो नहीं है।
