हिसार में दर्दनाक हादसा: पेट्रोल पंप पर परेशान किए जाने से सिक्योरिटी गार्ड ने दो बच्चों के सामने फांसी लगाई
हरियाणा के हिसार जिले में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। एक व्यक्ति ने अपने दो छोटे बच्चों के सामने ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विकास के रूप में हुई है, जो एक पेट्रोल पंप पर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पत्नी के काम पर जाने के दौरान हुई घटना
विकास की पत्नी सोनम पास में ही श्रीराम आटा चक्की पर नौकरी करती है। घटना के वक्त वह ड्यूटी पर थी। घर में विकास और उसके दो बच्चे थे।
सुबह लगभग 11:55 बजे बच्चों ने मां को फोन कर बताया कि “पापा ने शराब और सिगरेट पी है और अब कुछ बोल नहीं रहे।” जब सोनम घर पहुंची, तो देखा कि विकास पंखे से लटका हुआ था।
पत्नी की चीख सुनकर मोहल्ले के लोग घर में पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
परिवार का आरोप — पेट्रोल पंप वाले करते थे परेशान
घटना के बाद पहुंचे मृतक की सास बिमला देवी ने बताया कि विकास को पेट्रोल पंप पर काम करने वाले लोग धमकाते और परेशान करते थे।
पत्नी सोनम ने कहा, “तीन दिन से विकास कह रहा था कि पेट्रोल पंप वाले मुझे धमकी दे रहे हैं — ‘तुझे उठा लेंगे।’ हमने पंप मालिक से शिकायत भी की थी, लेकिन किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की।”
फ्री में काम करने का बना रहे थे दबाव
सोनम ने बताया कि “विकास पहले उसी पेट्रोल पंप पर सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था, लेकिन बाद में उसने छोड़ दिया था। इसके बावजूद पंप वाले उस पर फ्री में काम करने का दबाव डाल रहे थे।
जब उसने मना किया, तो उसे बार-बार धमकाया जाने लगा।”
बच्चों के सामने खत्म हुई पिता की जिंदगी
बच्चों ने मां को बताया कि पापा ने शराब और सिगरेट पी थी और फिर चुपचाप कमरे में चले गए। कुछ देर बाद जब वे देखने गए, तो देखा कि पापा फांसी पर लटके हुए हैं।
सोनम ने बताया, “मैं तुरंत घर भागी, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मैंने उन्हें हिलाया, पर कोई जवाब नहीं मिला।”
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के अनुसार, विकास पिछले तीन साल से किराए के मकान में रह रहा था। मकान मालिक ने बताया कि वह समय पर किराया देता था और कभी किसी विवाद में नहीं पड़ा।
फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पेट्रोल पंप कर्मचारियों और प्रबंधन की भूमिका की जांच कर रही है
