हिसार में 445 ग्राम अफीम के साथ दो युवक गिरफ्तार, पुलिस ने शुरू की सप्लाई चेन की जांच
हिसार जिले के हांसी सीआईए स्टाफ ने नारनौंद–खांडा रोड पर नहर पुल के पास कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 445 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आदित्य (वार्ड-12) और सुनील (वार्ड-4), निवासी नारनौंद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों से बरामद अफीम और उनकी मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है।
मुखबिर की सूचना पर की गई रेड
एएसआई जितेंद्र की टीम गांव पेटवाड़ के पास गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल पर नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में खड़े हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत रेडिंग टीम बनाई गई और मौके पर जाकर दोनों युवकों को पकड़ लिया गया।
राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी
कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस ने दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत नोटिस जारी किया।
इसके बाद एक राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई, जिसमें सुनील के हाथ से काले रंग की पॉलिथीन में पैक अफीम बरामद हुई। मौके पर वजन किया गया तो कुल 445 ग्राम अफीम पाई गई।
पुलिस ने उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
1.20 लाख रुपये में खरीदी थी अफीम
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने यह अफीम नारनौंद निवासी राहुल (वार्ड-4) से करीब 1,20,000 रुपये में खरीदी थी।
दोनों इस अफीम को स्थानीय नशेड़ियों को बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस अब राहुल की तलाश में दबिश दे रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
नारनौंद थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18C, 61 और 85 के तहत केस दर्ज किया है।
दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब इस सप्लाई चेन में जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी पर भी काम कर रही है।
