दिल्ली ब्लास्ट LIVE: लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार धमाके में 8 की मौत, दिल्ली-मुंबई समेत कई शहर हाई अलर्ट पर

दिल्ली ब्लास्ट LIVE: लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार धमाके में 8 की मौत, दिल्ली-मुंबई समेत कई शहर हाई अलर्ट पर

दिल्ली में शनिवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हुए भीषण कार धमाके ने पूरे देश को हिला दिया। यह धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास खड़ी कई कारें आग की चपेट में आ गईं। अब तक 8 लोगों की मौत और 25 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। फिलहाल दिल्ली, मुंबई और उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।


 धमाके से दहली दिल्ली

दिल्ली अग्निशमन विभाग के मुताबिक, लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर खड़ी एक कार में विस्फोट हुआ। धमाके के तुरंत बाद आसपास की 3-4 गाड़ियां भी आग की लपटों में घिर गईं। फायर ब्रिगेड की 7 टीमें मौके पर पहुंचीं और देर शाम तक आग पर काबू पा लिया गया।

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि “ऐसा लगा जैसे धरती फट जाएगी।” कई लोग मौके से भागने लगे और कुछ दूर खड़ी दुकानों के शीशे भी टूट गए।


 पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

घटना के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम, फॉरेंसिक यूनिट और NSG (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड) की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर और IB (इंटेलिजेंस ब्यूरो) प्रमुख से बात कर जानकारी ली। पुलिस ने लाल किला रोड बंद कर दी है और मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 और 4 पर प्रवेश-निकास रोक दिया गया है।

हालांकि, मेट्रो सेवाएं पूरे नेटवर्क में सामान्य रूप से जारी हैं।


 चश्मदीद का बयान

एक ऑटो ड्राइवर जीशान ने बताया, “मेरे सामने एक स्विफ्ट डिज़ायर कार चल रही थी। अचानक जोरदार धमाका हुआ और मैं तीन बार गिरा। ऐसा लगा जैसे मौत सामने खड़ी है।”

एक अन्य व्यक्ति ने कहा, “चारों ओर लाशें बिखरी थीं। चार-पांच गाड़ियां जल रही थीं। पूरा इलाका धुएं से भर गया।”


 अस्पतालों में अफरा-तफरी

LNJP अस्पताल में घायलों को भर्ती कराया गया है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने बताया, “कुल 15 घायलों को लाया गया, जिनमें से 8 लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। तीन की हालत गंभीर है।”


 पूरे देश में हाई अलर्ट

दिल्ली धमाके के बाद मुंबई पुलिस ने भी सुरक्षा कड़ी कर दी है।

  • सभी प्रमुख स्थानों पर नाकाबंदी की गई।

  • संवेदनशील इलाकों में गश्त और तलाशी जारी है।

  • सभी थानों को सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं।

वहीं उत्तर प्रदेश में भी अलर्ट घोषित किया गया है।
ADG लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बताया कि सभी जिलों में पुलिस को गश्त बढ़ाने, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।


 पुलिस का बयान

दिल्ली पुलिस ने कहा है कि धमाके की जांच जारी है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह आतंकी हमला था या किसी अन्य कारण से विस्फोट हुआ। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से सबूत जुटा रही है।


 क्या है अब तक की बड़ी बातें

  • लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार ब्लास्ट, 8 मौतें, 25 घायल

  • धमाके में 4 गाड़ियां जलीं, आग पर काबू पा लिया गया

  • गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस और IB प्रमुख से रिपोर्ट मांगी

  • NSG और फॉरेंसिक टीमें जांच में जुटीं

  • दिल्ली, मुंबई और यूपी में हाई अलर्ट

  • दिल्ली पुलिस बोली — “जांच पूरी होने से पहले निष्कर्ष पर न पहुंचें”

Leave a Comment