हिसार के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह का कांग्रेस संगठन पर तंज — कहा, “12 साल से आदतें बिगड़ी हुई हैं”

हिसार के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह का कांग्रेस संगठन पर तंज — कहा, “12 साल से आदतें बिगड़ी हुई हैं”

हिसार, हरियाणा | 31 अक्टूबर 2025
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हिसार के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कांग्रेस संगठन की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने जिला अध्यक्षों की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि, “जिला अध्यक्ष नए-नए बने हैं, सब बहुत जरूरी कामों में व्यस्त हैं। 12 साल से आदतें बिगड़ी हुई हैं, उन्हें ठीक होने में वक्त लगेगा।”


 कांग्रेस संगठन की निष्क्रियता पर सवाल

मीडिया से बातचीत के दौरान बृजेंद्र सिंह ने कहा कि, कांग्रेस संगठन की अनुपस्थिति और कुछ नेताओं द्वारा संगठन के गठन में अड़चन डालने की वजह से पार्टी को विधानसभा चुनावों में भारी नुकसान झेलना पड़ा
हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि नए प्रदेशाध्यक्ष, जिला और ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति से संगठन में नई ऊर्जा आई है और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है।


 “भाजपा समाज को बांटकर सत्ता में आई”

बृजेंद्र सिंह ने भाजपा पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि,

“भाजपा को वोट तो मिले हैं, लेकिन उसकी जड़ें समाज में नहीं हैं। वह समाज को बांटकर सत्ता में आई है।”

उन्होंने यह भी कहा कि अगर कांग्रेस का मजबूत संगठन होता, तो भाजपा इतनी आसानी से चुनाव नहीं जीत पाती।


 टिकटार्थी अधिक, कार्यकर्ता कम सक्रिय

पूर्व सांसद ने बताया कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं की अपेक्षा टिकटार्थी (टिकट चाहने वाले नेता) अधिक सक्रिय रहे।
उनका मानना है कि अगर पार्टी के जिला कार्यालय और संगठन पहले से सक्रिय रहते, तो चुनाव परिणाम और बेहतर हो सकते थे


 “सब अच्छा होगा, थोड़ा सब्र रखिए”

भविष्य को लेकर बृजेंद्र सिंह ने उम्मीद जताई कि कांग्रेस में सब कुछ धीरे-धीरे ठीक हो जाएगा। उन्होंने कहा,

“मैं तुरंत नतीजों की उम्मीद नहीं कर रहा, लेकिन सब अच्छा होगा, थोड़ा सब्र रखिए।”


 सद्भाव यात्रा का दूसरा चरण 11 नवंबर से

बृजेंद्र सिंह ने बताया कि कांग्रेस की “सद्भाव यात्रा” का पहला चरण 6 नवंबर को बवानी खेड़ा में समाप्त होगा।
वहीं, दूसरा चरण 11 नवंबर से शुरू होगा, जिसमें महेंद्रगढ़, दादरी और रोहतक की 13 विधानसभा सीटें शामिल की जाएंगी।

Leave a Comment