बिहार में राहुल गांधी का सियासी प्रहार: मोदी और नीतीश पर तीखा हमला, कहा – ‘वोट के लिए कोई भी ड्रामा कर सकते हैं मोदी जी’

बिहार में राहुल गांधी का सियासी प्रहार: मोदी और नीतीश पर तीखा हमला, कहा – ‘वोट के लिए कोई भी ड्रामा कर सकते हैं मोदी जी’

बिहार में चुनावी माहौल गर्म है और बुधवार (29 अक्टूबर) को विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने राज्य में दो बड़ी सभाओं से माहौल को और गरमा दिया। पहली सभा मुजफ्फरपुर में और दूसरी दरभंगा में आयोजित की गई, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा।

 ‘मोदी जी ट्रंप से डरते हैं’ – राहुल गांधी का बड़ा बयान

दरभंगा में राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा –

“ट्रंप कह रहा है कि मैंने मोदी को झुका दिया। मोदी जी के मुंह से एक आवाज नहीं निकली। इंदिरा गांधी ने तो अमेरिका को चुप करा दिया था। अगर ट्रंप झूठ बोल रहा है, तो मोदी जी बिहार में आकर कहें कि ट्रंप झूठ बोल रहा है।”

उन्होंने पीएम मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि ऐसा व्यक्ति बिहार में विकास नहीं ला सकता जो विदेशी नेताओं के सामने चुप रहे।

 ‘वोट के लिए नाटक करते हैं मोदी जी’

राहुल गांधी ने अपने भाषण में मोदी पर तीखे शब्दों में हमला बोलते हुए कहा –

“मोदी जी वोट के लिए कोई भी नाटक कर सकते हैं। अगर आप उनसे कहो स्टेज पर नाचो, तो वो नाचेंगे भी।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री छठ पूजा और धार्मिक आयोजनों का इस्तेमाल सिर्फ वोट पाने के लिए करते हैं, लेकिन असल मुद्दों पर कभी काम नहीं करते।

 मुजफ्फरपुर में बेरोजगारी और पलायन पर बोले राहुल

मुजफ्फरपुर की सभा में राहुल गांधी ने बिहार के युवाओं से पूछा –

“आप दिल्ली, बेंगलुरु और गुजरात में काम करते हैं, तो फिर बिहार में क्यों नहीं? बिहार के हाथों से देश बनता है, तो बिहार क्यों नहीं बन सकता?”

उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन से लेकर कपड़ों तक सब मेड इन चाइना’ है, जबकि होना चाहिए मेड इन बिहार’
राहुल ने वादा किया कि अगर उनकी सरकार बनेगी, तो बिहार में उद्योग लगाए जाएंगे और युवाओं को यहीं रोजगार मिलेगा।

 नीतीश कुमार ‘रिमोट कंट्रोल’ से चल रहे हैं

राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि –

“नीतीश जी खुद कोई फैसला नहीं लेते। दिल्ली से बीजेपी उन्हें कंट्रोल करती है। वो रिमोट से चलने वाले मुख्यमंत्री बन गए हैं।”

उन्होंने नीतीश के स्वास्थ्य पर भी सवाल उठाए और कहा कि अब बिहार को नए नेतृत्व की जरूरत है।

 अडाणी और चुनावी धांधली पर हमला

राहुल गांधी ने भागलपुर में अडाणी को 1 रुपए में दी गई जमीन का मुद्दा उठाया और कहा –

“केंद्र सरकार किसानों की नहीं, उद्योगपतियों की सरकार है। किसानों से जमीन छीनी जा रही है और अडाणी-अंबानी को दी जा रही है।”

उन्होंने SIR और EVM को लेकर भी केंद्र और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए।

 तेजस्वी यादव बोले – 20 साल पुरानी सरकार को बदलने का वक्त

सभा में तेजस्वी यादव ने भी मंच साझा किया और कहा –

“20 साल से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं, अब बदलाव का वक्त है। बिहार सबसे गरीब राज्य बन गया है, बेरोजगारी चरम पर है। एक मौका दीजिए, मैं बिहार को बदल दूंगा।”

उन्होंने कहा कि पिछली बार सकरा सीट पर वोट गिनती में धांधली हुई थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।

 राजनीतिक समीकरण

  • मुजफ्फरपुर की 11 सीटों में RJD 7, कांग्रेस 2 और VIP 2 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
  • दरभंगा की 10 सीटों में RJD 4, कांग्रेस 2 और VIP 2 सीटों पर मैदान में है।
    पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होगी।

 

Leave a Comment