राहुल गांधी के “वोट चोरी” आरोप में आया हरियाणा का होडल: जिस घर का हुआ जिक्र, वो BJP समर्थित पूर्व पार्षद का निकला
हरियाणा के पलवल जिले के होडल में राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ बयान ने नया राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है।
कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिस मकान नंबर 265, होडल का जिक्र किया था, वह दरअसल भाजपा से जुड़े पूर्व पार्षद शिवराम का घर है।
300 गज में बने इस मकान में कुल 5 कमरे हैं। राहुल गांधी की बात सामने आने के बाद जब मीडिया मौके पर पहुंची, तो स्थानीय लोगों को भी पहली बार पता चला कि उनके इलाके का घर अब राष्ट्रीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।
मकान मालिक बोले – “हमारा कुनबा बड़ा है, वोट फर्जी नहीं”
पूर्व पार्षद शिवराम, जो 2016 से 2021 तक भाजपा समर्थित पार्षद रह चुके हैं, ने बताया —
“हमारा घर वार्ड नंबर 21 में आता है। पहले इसका नंबर 265 था, बाद में 265-A कर दिया गया। वोटर लिस्ट में आज भी पुराना नंबर ही लिखा है। पूरे कुनबे के वोट मिलाकर भी संख्या 80 से ज्यादा नहीं है।”
शिवराम ने कहा कि उनके छह भाई हैं और सभी के परिवार आसपास ही रहते हैं।
“हर किसी के घर में 4-4 बेटे हैं। परिवार बड़ा है, इसलिए वोट भी ज्यादा हैं। पर सभी असली हैं, कोई भी फर्जी नहीं। नगर परिषद ने कभी घरों की नंबरिंग ठीक से नहीं की, इसलिए सब पर हमारा ही पुराना नंबर लिखा रहता है।”
“राजनीति से प्रेरित कार्रवाई” – शिवराम का आरोप
भाजपा समर्थित शिवराम ने इस विवाद को कांग्रेस की हार से जोड़ते हुए कहा —
“पूर्व विधायक उदयभान चुनाव हारते रहे हैं, इसलिए अब ‘फर्जी वोट’ का मुद्दा उठाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। राहुल गांधी को गलत जानकारी दी गई है। जिन वोटरों का जिक्र किया जा रहा है, वे सभी यहीं के निवासी हैं।”
कांग्रेस नेता उदयभान का पलटवार – “265 नंबर पर 501 वोट कैसे?”
कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने कहा कि एक ही घर के पते पर 501 वोट बने हैं, जबकि घर में सिर्फ कुछ लोग ही रहते हैं।
“यह खुलासा दिखाता है कि किस तरह चुनाव में गड़बड़ी हुई है। राहुल गांधी ने जो बात उठाई, वह सच है। हम इस मामले में जन आंदोलन और कोर्ट में कार्रवाई दोनों करेंगे,” उन्होंने कहा।
उदयभान ने आगे आरोप लगाया —
“इलेक्शन कमीशन सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को भी नहीं मानता। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए कोर्ट को सख्त कदम उठाने चाहिए।”
राजनीतिक पृष्ठभूमि: भाजपा का गढ़ बन चुका वार्ड
-
वार्ड नंबर 21 से भाजपा समर्थित पार्षद पिंकी 2021 में चुनी गईं।
-
लोकसभा चुनाव 2024 में यहां भाजपा उम्मीदवार कृष्णपाल गुर्जर को बढ़त मिली।
-
विधानसभा चुनाव 2024 में भाजपा प्रत्याशी हरिंद्र सिंह ने कांग्रेस के उदयभान को 2,595 वोटों से हराया।
इससे पहले भी भाजपा लगातार नगर परिषद और विधानसभा चुनावों में इस इलाके से जीत दर्ज करती आ रही है।
